उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक नाबालिग किशोरी ने पुलिस कांस्टेबल पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में आरोपी कांस्टेबल मोहित यादव समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिकायत के मुताबिक, दिलदारनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी हाईस्कूल की छात्रा है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बुआ के साथ लखनऊ गई थी। वापसी के दौरान ट्रेन में उसकी मुलाकात मोहित नाम के कांस्टेबल से हुई, जिसने खुद को गहमर थाने में तैनात बताया। बातचीत के दौरान दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए, जिसके बाद फोन पर बातचीत शुरु हो गई। पीड़िता का आरोप है कि कुछ दिनों तक बातचीत करने के बाद कांस्टेबल ने उससे शादी करने का वादा किया। इसके बाद वह उसे कई बार होटल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के मुताबिक इस दौरान आरोपी ने उसके वीडियो भी बना लिए।

आरोप है कि बाद में इन्हीं वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने दूसरे लोगों के सामने उसका शोषण किया। विरोध करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी जाती थी।लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने अपनी बुआ को पूरी बात बताई और पुलिस से शिकायत की। आरोप है कि शुरुआती शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर आपबीती बताई, जिसके बाद मामला चर्चा में आया और पुलिस ने जांच शुरु की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी ने किशोरी को जमानियां सर्किल कार्यालय बुलाकर उसके बयान दर्ज किए। इसके बाद आरोपी कांस्टेबल मोहित यादव समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किए जाने का संबंधित थानाध्यक्ष को निर्देश दिया। मामले में पुलिसकर्मी पर लगे गंभीर आरोपों के बाद विभागीय कार्रवाई और निष्पक्ष जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की जांच में आरोपों की पुष्टि, कथित वीडियो से जुड़े तथ्यों और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होना बाकी है।
