चबूतरे और कार पार्किंग के विवाद में ट्रिपल मर्डर, रिटायर्ड बिजलीकर्मी समेत तीन की गोली मारकर हत्या

दिनदहाड़े फायरिंग से दहला नौबस्ता का ब्राह्मणी टोला, नेवी में तैनात बताए जा रहे आरोपी ऋषभ शुक्ला को पुलिस ने हिरासत में

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : October 26, 2026 5:45 am
चबूतरे और कार पार्किंग के विवाद में ट्रिपल मर्डर, रिटायर्ड बिजलीकर्मी समेत तीन की गोली मारकर हत्या
Total Views : 280
Total Views : 280

उत्तर प्रदेश की राजधानी में मामूली विवाद ने खूनी रुप ले लिया। पुराने लखनऊ के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में चबूतरे के निर्माण और कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान शिवा तिवारी, उनके भाई शंभू उर्फ शिवेंद्र और बेटे सुयश के रुप में हुई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के मुताबिक, घटना सआदतगंज क्षेत्र के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में लाल स्कूल के पास की है। बाजारखाला थाना क्षेत्र की सीमा के निकट बताया जा रहा है। मोहल्ले में बरगद के पेड़ के पास एक चबूतरे का निर्माण कराया जा रहा था, जहां स्थानीय लोग पूजा-पाठ कर सकें। बताया जा रहा है कि चबूतरे के निर्माण को लेकर मोहल्ले के अधिकतर लोग सहमत थे, लेकिन आरोपी ऋषभ शुक्ला इसका विरोध कर रहा था। घटना वाले दिन शिवा तिवारी ने अपनी कार बरगद के पेड़ के पास खड़ी की थी। इसी बात को लेकर ऋषभ शुक्ला के साथ विवाद शुरु हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने गंभीर रुप ले लिया, आरोप है कि ऋषभ ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से तीनों लोगों की मौत हो गई।

मृतक शिवा तिवारी बिजली विभाग से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में पूर्व जिला सह कार्यवाह भी रह चुके थे। शंभू उर्फ शिवेंद्र उनके भाई थे, जबकि सुयश उनके बेटे थे। सुयश बिजली से संबंधित सामान की दुकान चलाते थे। परिवार में दिसंबर में सुयश की शादी होनी थी। इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घटना के बाद पुलिस ने ऋषभ शुक्ला को फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्टल के साथ हिरासत में लेने की जानकारी दी है। प्रारंभिक विवरण में आरोपी के भारतीय नौसेना में तैनात होने की बात भी सामने आई है। तीन लोगों की हत्या की सूचना पर पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वारदात के पीछे की परिस्थितियों, विवाद की वास्तविक वजह और फायरिंग के घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

एक चबूतरे और कार पार्किंग को लेकर शुरु हुआ विवाद तीन जिंदगियां लील गया। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि मामूली कहासुनी को समय रहते नहीं संभाला जाए तो उसके परिणाम कितने भयावह हो सकते हैं।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed