केराकत तहसील क्षेत्र में दुर्गा पूजा पंडाल में विद्युत करंट की चपेट में आने से युवक की मौत की घटना के बाद जिला प्रशासन गंभीर हो गया है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर सोमवार को उप जिलाधिकारी अंकुर वर्मा ने बिजली विभाग की टीम के साथ नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया।

इस दौरान एसडीएम अंकुर वर्मा बिजली विभाग की टीम के साथ नई आबादी, अयोध्या मार्ग, आजमगढ़ मार्ग, जौनपुर मार्ग सहित नगर के विभिन्न मोहल्लों में पहुंचे। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों में विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही पंडाल समितियों के जिम्मेदार पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने पंडाल समिति के सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शासन और प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन का पूरी तरह पालन किया जाए। विद्युत व्यवस्था में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडालों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में आयोजकों की जिम्मेदारी है कि वे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। युवक की मौत की घटना के बाद प्रशासन की इस सक्रियता को पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना है।
