विकास खंड के सिंधोरा बाजार में पिछले एक माह से कूड़ा उठान नहीं होने से व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है। जगह-जगह जमा कूड़े से उठ रही दुर्गंध और गंदगी को लेकर व्यापारियों ने संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका जताई है। सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष धनंजय मोदनवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने खंड विकास अधिकारी प्रतिभा मिश्रा से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा।

शिकायती पत्र के माध्यम से व्यापारियों ने बताया कि पहले बाजार में कूड़ा गाड़ी के जरिए नियमित रुप से कूड़ा उठाया जाता था, जिससे बाजार साफ-सुथरा रहता था। लेकिन पिछले एक महीने से कूड़ा उठान बंद होने के कारण जगह-जगह गंदगी जमा हो गई है। इससे बाजार में दुर्गंध फैल रही है और दुकानदारों के साथ आम नागरिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही कूड़े का निस्तारण नहीं कराया गया तो गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ सकती है। उन्होंने अधिकारियों से बाजार की नियमित सफाई और कूड़ा उठान की व्यवस्था बहाल कराने की मांग की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ प्रतिभा मिश्रा ने एडीओ पंचायत को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बीडीओ को शिकायती पत्र सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में महामंत्री सुभाषचंद्र जायसवाल, उपाध्यक्ष निशांत जायसवाल, अफजाल अहमद, छांगुर राजभर और जावेद अहमद सहित कई व्यापारी शामिल रहे।
