जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बरसठी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की 24 साइकिलें बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरु कर दी है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देशन में अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी। इस दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रमेश पाठक पुत्र पारसनाथ पाठक निवासी ग्राम परियत को गिरफ्तार किया। तलाशी एवं कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से चोरी की 24 साइकिलें बरामद की गईं। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को अग्रिम विधिक कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गाया।

कार्रवाई में उपनिरीक्षक अम्बरीश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार वर्मा, हेड कांस्टेबल उमाशंकर सिंह, यादवेन्द्र यादव, वकील चौहान, राजबहादुर वर्मा, रिजर्व कांस्टेबल अमरेश कुशवाहा, सुरेन्द्र, महिला कांस्टेबल अंकित और वन्दना देवी शामिल रहीं। पुलिस कार्रवाई के बाद चोरी की साइकिलों की बरामदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। बरामद साइकिलों के वास्तविक मालिकों की पहचान और उनसे संबंधित अन्य तथ्यों के बारे में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
