महारानी गुलाब कुंवरि महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को पोषण माह के अंतर्गत जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरुक किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्री अन्न (मोटे अनाज) की उपयोगिता एवं महत्व पर विशेष रुप से प्रकाश डाला गया।

पोषण माह की निर्धारित थीम ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संदर्भ में प्राचार्य, शिक्षकों और छात्राओं ने अपने विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं ने श्री अन्न से तैयार विभिन्न व्यंजनों, स्थानीय खाद्य पदार्थों और टिफिन रेसिपी के माध्यम से पौष्टिक भोजन के महत्व को समझाया। इसके साथ ही पोषण संबंधी विषयों पर आकर्षक पोस्टर बनाकर लोगों को जागरुक करने का प्रयास किया। कार्यक्रम संयोजिका डॉ. राखी अस्थाना एवं रीमा पटेल ने छात्राओं को आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका और बच्चों तथा महिलाओं के पोषण में उनके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने संतुलित आहार में श्री अन्न की उपयोगिता बताते हुए पौष्टिक खाद्य पदार्थों को दैनिक भोजन में शामिल करने के प्रति प्रेरित किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जिलाजीत जैसवारा सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।
