पीजीआई थाना क्षेत्र के साउथ सिटी में सीलबंद कोठी के भूतल पर भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। मकान नंबर A-105 में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं होने की पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार, कोठी के भूतल पर आग लगने से कमरों में धुआं भर गया, जिससे दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में कोठी का ताला तोड़ा गया, जिसके बाद दमकलकर्मियों ने अंदर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरु किया। आग पर काबू पाने के लिए मौके पर दो वाटर टेंडर और एक वाटर बाउजर की मदद ली गई। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया। आग की चपेट में आने से भूतल के कमरों की चौखट और खिड़कियां जलकर राख हो गईं।

राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
