शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित चिल्ड्रेन अकादमी स्कूल में सोमवार को हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। एक युवक ने स्कूल परिसर में पहुंचकर 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा को गोली मार दी। इसके बाद युवक की भी मौत हो गई। घटना के समय स्कूल में बच्चे और शिक्षक मौजूद थे, जिससे परिसर में दहशत का माहौल बन गया।

पुलिस के अनुसार, मृत युवक की पहचान नौरंगाबाद निवासी सऊद अंसारी के रुप में हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे स्कूल पहुंचा और शिक्षिका से मिलने के लिए ऊपर गया। दोनों के बीच बातचीत के दौरान कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसके बाद गोली चलने की घटना हुई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे और शिक्षक सहम गए। घटना के बाद पुलिस ने स्कूल परिसर को सुरक्षित कराया और बच्चों को वहां से घर भेज दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक स्कूल परिसर में किस तरह दाखिल हुआ और घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी।

पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों के एक-दूसरे को पहले से जानने की बात सामने आई है। कुछ रिपोर्टों में घटना के पीछे कथित प्रेम-प्रसंग को वजह बताया गया है, लेकिन पुलिस ने अभी अंतिम कारण स्पष्ट नहीं किया है। एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के अनुसार घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्टाफ से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। दिनदहाड़े स्कूल परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बाहरी व्यक्ति स्कूल परिसर तक कैसे पहुंचा और क्या प्रवेश के दौरान सुरक्षा संबंधी निर्धारित प्रक्रिया का पालन हुआ था। फिलहाल पुलिस जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियां और वास्तविक कारण अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।
