जफराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहित महिला ने गांव के ही एक युवक पर कथित वीडियो वायरल करने की धमकी देने और वीडियो कुछ लोगों को भेजने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
महिला का आरोप है कि गांव में युवक की दुकान है। वह जब भी दुकान पर सामान लेने जाती है, तो युवक कथित तौर पर उसे धमकी देता है कि यदि वह उसके पास नहीं आएगी तो उसका वीडियो वायरल कर देगा। महिला के मुताबिक, युवक द्वारा कथित वीडियो कुछ लोगों को भेजे भी जा रहे हैं। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके परिवार के लोगों ने भी युवक को ऐसा करने से मना किया, लेकिन इसके बावजूद कथित वीडियो दूसरों को भेजने का सिलसिला जारी रहा। हालांकि, महिला की ओर से पुलिस को अभी तक उक्त कथित वीडियो उपलब्ध नहीं कराया गया है।
थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
