चाकघाट नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी शंकरधर पांडेय को लेकर एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। वायरल ऑडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें एक महिला कर्मचारी से निजी तौर पर मिलने के लिए दबाव बनाए जाने की बातचीत है।

सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों के मुताबिक, महिला कर्मचारी को कथित तौर पर होटल में करीब दो घंटे के लिए आने के लिए कहा गया। महिला द्वारा कथित रुप से इनकार किए जाने के बाद उसके खिलाफ नौकरी से संबंधित कार्रवाई किए जाने का भी दावा किया जा रहा है। वायरल ऑडियो को लेकर सामने आ रही मीडिया रिपोर्टों में बताया गया है कि बातचीत के दौरान महिला कर्मचारी से मिलने के लिए दबाव बनाए जाने जैसी बातें सुनाई देती हैं। ऑडियो में कथित तौर पर “कल 9 बजे इंतजार करेंगे…” जैसी बात सुनाई देने का भी उल्लेख किया जा रहा है।
हालांकि, वायरल ऑडियो की स्वतंत्र एवं आधिकारिक रुप से प्रामाणिकता तथा उसमें सुनाई देने वाली आवाज की पहचान की पुष्टि फिलहाल सामने नहीं आई है। इसी तरह महिला कर्मचारी को नौकरी से हटाए जाने अथवा उसके खिलाफ किसी विभागीय कार्रवाई के दावे की भी स्वतंत्र सरकारी पुष्टि उपलब्ध नहीं है। मामले में महिला कर्मचारी की ओर से कोई लिखित शिकायत, पुलिस प्रकरण या विभागीय शिकायत की गई है, तो उसकी जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
