क्षेत्र के बड़ागांव स्थित जुमा मस्जिद परिसर में गुरुवार की रात जलसा-ए- सीरतुन्नबी व मदह-ए- सहाबा का आयोजन किया गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जुमा मस्जिद के इमाम मौलाना मुफ्ती अजीजुल हसन ने की, संचालन मौलाना नसीम सुल्तानपुरी ने किया। कार्यक्रम का आयोजन ग्रामीणों के सहयोग से किया गया। जलसे की शुरुआत कारी अबू सहमा आजमी द्वारा कुरान की तिलावत से हुई। मुख्य अतिथि मौलाना मोहम्मद शमीम आजमगढ़ तथा विशिष्ट अतिथि अहमद शमीम हलीमी गुरैनी ने लोगों को संबोधित किया।इस दौरान शायर असद माहुली ने नातिया कलाम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। वहीं मुजम्मिल हयात और सरताज आलम ने नबी और सहाबा की शान में अशआर प्रस्तुत किए।जलसा स्थल को बबलू द्वारा आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जो रात में लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम में शाहगंज विधायक रमेश सिंह के पहुंचने पर आयोजकों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र कुमार यादव, शाहबाज हाशमी, मो. जीशान, इश्तियाक मंसूरी, मो. सलीम, शाहबाज कुरैशी, लाल मोहम्मद अंसारी, मोइन हाशमी, शिबलू खान, मो. खालिद फहद समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मस्जिद कमेटी ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों और सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों के प्रति आभार जताया।
