खेतासराय-खुटहन मुख्य मार्ग पर शनिवार तड़के ऋषि तालाब के समीप राखड़ लदा ट्रक खराब होकर बीच सड़क पर खड़ा हो गया। ट्रक का सापट टूटने से सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। करीब एक घंटे तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार एक ट्रक सिंगरौली से राखड़ लादकर क्षेत्र के खुदौली में निर्माणाधीन बाईपास के लिए जा रहा था। खेतासराय चौराहे से खुटहन मार्ग की ओर मुड़ने के बाद ऋषि तालाब के पास अचानक ट्रक का सापट टूट गया। ट्रक बीच सड़क पर रुक जाने से पीछे से आ रहे वाहन भी आगे नहीं बढ़ सके। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को धीरे-धीरे पास कराकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया। ट्रक चालक मिर्जापुर निवासी रामलल्लन ने बताया कि सापट मंगवाकर मैकेनिक को बुलाया गया। मरम्मत के बाद ट्रक को सड़क से हटाकर आगे रवाना किया गया। ट्रक हटने के बाद यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान करीब एक घंटे तक राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
