क्षेत्र के बड़ागांव में लगातार हो रही बारिश के चलते पूर्व प्रधान वसीम हैदर के घर के सामने से नहर की ओर जाने वाली सड़क जलमग्न हो गई है। पिछले तीन दिनों से सड़क पर पानी भरा होने के कारण दर्जनों परिवारों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है।

ग्रामीण मिराज हाशमी ने बताया कि बारिश के बाद सड़क पर पानी भर जाने से रास्ता लगभग बंद हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। उन्हें स्कूल पहुंचने के लिए काफी दूरी तक घूमकर जाना पड़ता है। ग्रामीणों के मुताबिक आपात स्थिति में भी समस्या गंभीर हो जाती है। किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाने में रास्ते में भरे पानी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है। श्याम बहादुर मौर्य ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित जिम्मेदार लोगों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और अन्य विकास कार्यों पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है।

प्रधान पद के भावी उम्मीदवार वारिस हाशमी ने भी कहा कि ग्रामीणों की ओर से रास्ते की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के कारण सड़क पर गंदा और प्रदूषित पानी जमा है, जिससे दुर्गंध के साथ संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से सड़क पर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान हर साल पैदा होने वाली इस समस्या से निजात के लिए केवल अस्थायी व्यवस्था के बजाय स्थायी समाधान जरुरी है।
