उत्तर प्रदेश राज्य कार्यालय-प्रथम की ‘हम आपकी परवाह करते हैं’ पहल के तहत गाजीपुर विक्रय क्षेत्र द्वारा शाहगंज स्थित होटल आरडी इन में वितरण सहायकों के लिए संवाद एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समर भारत गैस के सहयोग से किया गया।कार्यक्रम में संयंत्र प्रबंधक वेद प्रकाश ने उपस्थित होकर वितरण सहायकों से संवाद किया और उनके कार्यों से जुड़ी विभिन्न जानकारियां साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान वितरण सहायकों को भारत आरोग्य योजना के स्वास्थ्य पत्रक वितरित किए गए। इस पहल के माध्यम से उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी देने का प्रयास किया गया।वितरण सहायकों को उनके नियमित कार्य, जिम्मेदारी और ग्राहकों तक गैस सिलेंडर की सुरक्षित एवं समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने में योगदान के लिए माला पहनाकर, उपहार एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर वितरण सहायकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में वितरण सहायकों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि गैस वितरण व्यवस्था में उनका सीधा जुड़ाव ग्राहकों के साथ होता है। वे प्रतिदिन विभिन्न परिस्थितियों में ग्राहकों तक सेवा पहुंचाने का कार्य करते हैं। ऐसे में उनके कार्यों को प्रोत्साहन और सम्मान देना जरूरी है।

आयोजकों ने कहा कि ‘हम आपकी परवाह करते हैं, क्योंकि आप हमारे ग्राहकों की परवाह करते हैं’ संदेश इसी भावना को दर्शाता है। कार्यक्रम का उद्देश्य वितरण सहायकों के कार्य के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ उन्हें बेहतर सेवा के लिए प्रोत्साहित करना रहा।कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय अधिकारी निहाल पांडेय ने किया। अंत में सभी वितरण सहायकों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
