विकास खंड पिंडरा के बीआरसी केंद्र पर चल रहे मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) प्रशिक्षण का गुरुवार को डायट प्राचार्य उमेश शुक्ला ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संदर्भदाताओं से प्रशिक्षण की प्रगति और उद्देश्यों के बारे में जानकारी ली।

दोपहर में बीआरसी पहुंचे डायट प्राचार्य ने दो कक्षों में चल रहे प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षक प्रतिभागियों से प्रशिक्षण की उपयोगिता और इससे प्राप्त ज्ञान को विद्यालयों में लागू करने के संबंध में भी जानकारी ली।शिक्षकों को संबोधित करते हुए उमेश शुक्ला ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं शिक्षण विधियों का प्रयोग जब शिक्षक अपने दैनिक कार्य-व्यवहार, विद्यालयीय परिवेश और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में करेंगे, तभी प्रशिक्षण की वास्तविक सार्थकता सिद्ध होगी।

बताते चलें कि विकास खंड के कुल 840 शिक्षकों को एफएलएन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाना है। इसी क्रम में गुरुवार को सातवें बैच का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसआरजी राजीव सिंह, ब्लॉक गुणवत्ता समन्वयक विशाल सेठ, एआरपी अखिलेश यादव, अजय कुमार, अखिलेश सिंह, पन्नालाल, रविंद्र प्रताप यादव, पवन कुमार, विपिन पांडेय, सुशील कुमार, रोहित, जितेंद्र समेत बीआरसी के कर्मचारी मौजूद रहे।
