यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत

दिल्ली से महोबा जा रही बस में दयानतपुर के पास लगी भीषण आग, कई यात्रियों ने खिड़कियों से कूदकर बचाई जान

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : September 24, 2026 4:47 am
यमुना एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की मौत
Total Views : 100
Total Views : 100

यमुना एक्सप्रेसवे पर बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हो गई। हादसा जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास करीब रात 11:30 बजे हुआ। दिल्ली से महोबा जा रही राज कल्पना ट्रैवल्स की बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए गए हैं। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय कई यात्री सो रहे थे। अचानक बस में धुआं भरने लगा और देखते ही देखते आग ने वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया, जिसके बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री दरवाजे से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई ने खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलकर जान बचाई। पुलिस के मुताबिक आग बस के इंजन की तरफ से शुरु हुई और तेजी से फैल गई। शुरुआती जांच में एसी में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन के लुब्रिकेटिंग ऑयल में आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच जारी है।

आग बुझाने के लिए पुलिस, दमकल और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों के अनुसार करीब 20 से 25 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग पर काबू पाने के बाद बस को ठंडा करने और अंदर फंसे यात्रियों को निकालने का काम किया गया। नौ यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से चले गए थे। पुलिस ने दोनों को बाद में पकड़ लिया। मामले में बस की स्थिति, सुरक्षा इंतजाम और हादसे के कारणों समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। पुलिस और प्रशासन हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों की पहचान की प्रक्रिया में जुटे हैं। साथ ही आग लगने की वजह और बस में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।

About The Author

Share
LATEST post
चुनाव में गड़बड़ी हुई तो अदालत नहीं रहेगी मूकदर्शक! सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी से सियासी हलचल: शीर्ष अदालत ने कहा- असंवैधानिक तरीकों से चुनाव प्रक्रिया दूषित होने पर न्यायिक हस्तक्षेप से परहेज नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed