एक किलो से अधिक हेरोइन बरामद, महिला समेत तीन गिरफ्तार

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई, बोलेरो से पकड़े गए आरोपी

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : September 24, 2026 4:50 am
Total Views : 100
Total Views : 100

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजीपुर शहर कोतवाली पुलिस ने एक महिला समेत तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से एक किलो 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,290 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रनाथ सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वाराणसी-गोरखपुर-महराजगंज हाईवे पर महराजगंज तिराहे से आगे लालनपुर मड़ई गांव स्थित मोड़ के पास एक बोलेरो में कुछ लोग मादक पदार्थ लेकर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। रात करीब 8:20 बजे बोलेरो से दो पुरुष और एक महिला को पकड़ा गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश यादव उर्फ गामा यादव, निवासी सरैया पोस्ट छावनी लाइन, थाना कोतवाली गाजीपुर, हाल पता भुतहिया टांड़, कृष्ण बिहारी उर्फ पिंटू प्रजापति, निवासी तुलसीपुर भुतहिया टांड़ और रीना यादव, पत्नी बिरजू यादव, निवासी सहनिंदा थाना मोहम्मदाबाद गाजीपुर के रुप में की है।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में राकेश यादव ने कथित तौर पर बताया कि वे झारखंड के चौपारण बाजार निवासी सोनू दांगी से हेरोइन खरीदते थे। इसके बाद कृष्ण बिहारी उर्फ पिंटू प्रजापति और रीना यादव के माध्यम से कथित रुप से इसे भोपाल भेजा जाता था, जहां इसे अधिक कीमत पर बेचकर रकम भेजे जाने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हेरोइन की खेप को बेचने के लिए संबंधित लोगों को बस पकड़वाने जा रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में कोतवाली गाजीपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस अब कथित मादक पदार्थ सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हेरोइन की खरीद-फरोख्त के स्रोत की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author

Share
LATEST post
चुनाव में गड़बड़ी हुई तो अदालत नहीं रहेगी मूकदर्शक! सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी से सियासी हलचल: शीर्ष अदालत ने कहा- असंवैधानिक तरीकों से चुनाव प्रक्रिया दूषित होने पर न्यायिक हस्तक्षेप से परहेज नहीं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed