सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को फूलपुर विकासखंड के कुशलगांव स्थित अस्थाई गौशाला में स्वच्छता, गौसेवा और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गौशाला परिसर की साफ-सफाई के साथ गौवंशों की सेवा की गई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मोरिंगा (सहजन) के पौधे लगाए गए।

शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज एवं पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक सिंह पालीवाल के संयुक्त नेतृत्व में स्वच्छता और गौसेवा से हुई। इस दौरान गौशाला में मौजूद गौवंशों को गुड़ और केला खिलाया गया। इसके बाद परिसर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मोरिंगा के दो पौधों का रोपण किया गया।खंड विकास अधिकारी फूलचंद सरोज ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य लोगों के भीतर सेवा की भावना को जागृत करना और समाजहित के कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, गौसेवा और पौधरोपण जैसे कार्य समाज को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक सिंह पालीवाल ने मोरिंगा को पोषण का खजाना बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल, सचिव प्रशांत यादव, पैरावेट अखिलेश, गोपालक नोखई और राममनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
