हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के झूलपुरी गांव स्थित एक फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने यूपी पुलिस के एक दरोगा व हेड कांस्टेबल तथा CRPF के दो जवानों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चारों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो यूपी पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 22-23 सितंबर की दरम्यानी रात हसनपुर क्षेत्र में हुई। शिकायत के मुताबिक, हरियाणा की युवती को धार्मिक स्थलों पर घुमाने के बहाने अमरोहा लाया गया था। बाद में उसे झूलपुरी क्षेत्र स्थित फार्म हाउस ले जाया गया, जहां दो कमरे लिए गए थे। वहां मौजूद चारों आरोपियों पर युवती ने उसकी इच्छा के विरुद्ध यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, युवती ने घटना के बाद किसी तरह पुलिस हेल्पलाइन से संपर्क कर अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। उसकी तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

एसपी अमरोहा लखन सिंह यादव के अनुसार, मामले में हसनपुर थाने से जुड़े दरोगा संजय तोमर और हेड कांस्टेबल प्रमोद को निलंबित किया गया है। CRPF से जुड़े लालाराम यादव और मोहित को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले में पीड़िता के बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। मामला उत्तराखंड के निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा से जुड़े फार्म हाउस का बताया जा रहा है। विधायक की ओर से कहा गया है कि पुलिसकर्मी महिला के साथ फार्म हाउस पहुंचे थे और महिला को अधिकारी बताते हुए कुछ घंटे रुकने की बात कही गई थी। मामले में विधायक की भूमिका का कोई आरोप सामने नहीं आया है। पुलिस की जांच आरोपों और घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट करेगी। फिलहाल, पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरु कर दी है। पीड़िता के बयान, घटनास्थल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
