देशभर में प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल से पहले ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है। 27 सितंबर, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य रुप से काम करेंगे। यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल के मद्देनजर लिया गया है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, रविवार को बैंक खोलने का उद्देश्य ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान से राहत देना और उनकी जरुरी बैंकिंग जरुरतों को पूरा करना है। आरबीआई ने रविवार को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़े केंद्रों और करेंसी चेस्ट के संचालन को मंजूरी दी है।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल का असर मुख्य रुप से बैंक शाखाओं में होने वाले नियमित कामकाज पर पड़ सकता है। 26 सितंबर चौथा शनिवार होने के कारण बैंक अवकाश रहेगा और इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल है। ऐसे में 27 सितंबर को बैंक खोलने का फैसला ग्राहकों को जरुरी बैंकिंग काम निपटाने के लिए अतिरिक्त अवसर देता है। ग्राहकों को सलाह है कि यदि उनका कोई जरुरी शाखा संबंधी काम है तो वे 27 सितंबर को बैंक के खुले रहने का लाभ उठा सकते हैं।
