कोतवाली थाना क्षेत्र के किला रोड के पास ऑन ड्यूटी एक सिपाही के कथित रुप से नशे की हालत में सड़क पर पड़े होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में सिपाही उमाशंकर सड़क पर पड़े दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए सिपाही उमाशंकर को निलंबित कर दिया। अधिकारियों के निर्देश पर मामले की विभागीय जांच शुरु कर दी गई है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रही स्थिति के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान अनुशासन और आचरण को लेकर चर्चा शुरु हो गई है। विभागीय स्तर पर हुई तत्काल कार्रवाई से स्पष्ट है कि ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीनता के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है।
