शहाबुद्दीनपुर गांव में मंगलवार रात बरसी कार्यक्रम में शामिल होने गए भाजपा नेता के पुत्र पत्रकार गोकर्ण पांडेय पर पुरानी रंजिश को लेकर कथित रुप से लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे चार अन्य उनके साथी भी घायल हो गए। मामले में गोकर्ण के पिता श्रीकृष्ण पांडेय ने छह नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

तहरीर के मुताबिक, गोकर्ण रात करीब नौ बजे गांव में सीसी मिश्रा के यहां आयोजित बरसी कार्यक्रम में भोजन कर रहे थे। इसी दौरान आरोपितों ने कथित रुप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरु कर दी। आरोप है कि लाठी से प्रहार कर उनका सिर फोड़ दिया गया तथा चाकू से नाक पर वार किया गया। उपचार के दौरान सिर में पांच-छह और नाक में दो टांके लगाए गए।पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने सोने की चेन छीन ली तथा फायरिंग करने के साथ वाहनों में तोड़फोड़ भी की। जान बचाकर गोकर्ण मुन्नीलाल गुप्ता के घर पहुंचे तो आरोपितों ने वहां भी पीछा कर दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया।

घटना में घायल गोकर्ण समेत तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना अध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है।
