प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे संकल्प सेवा पखवाड़े के तहत मंगलवार को शाहगंज-सोंधी ब्लॉक परिसर में बहुउद्देशीय मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव के प्रतिनिधि अजय कुमार ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने आवास योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं प्रतीकात्मक चाबी वितरित की। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने कहा कि संकल्प अभियान जन सेवा से राष्ट्र सेवा की ओर अग्रसर होने का माध्यम है। अभियान के तहत पात्र लाभार्थियों को कैंप लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही स्वच्छता एवं अन्य जनजागरुकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरुक किया जा रहा है।

मेले में कम्पोजिट विद्यालय सबरहद के विद्यार्थियों ने आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर प्रदूषण नियंत्रण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया। सीडीपीओ राजेश यादव ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। सुपरवाइजर अनीता ने गर्भवती महिलाओं को फल वितरित किए तथा बच्चों का अन्नप्राशन कराया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।एडीओ कृषि धर्मेंद्र कुमार सरोज ने किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। आपूर्ति निरीक्षक शिवशंकर यादव ने वंचित महिलाओं को राशन कार्ड वितरित किए। संदीप द्विवेदी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को योजनाओं एवं गतिविधियों के प्रति जागरुक किया। कार्यक्रम का संचालन कमलाकांत मौर्य ने किया। अंत में बीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर संतोष पाण्डेय, एडीओ पंचायत दीपक यादव, मंडल अध्यक्ष उपेंद्र मिश्रा, धर्मेंद्र मिश्रा, फार्मासिस्ट अशोक कुमार यादव सुल्तानी, प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सोनकर,अंकिता, कुकरेजा, सन्नी कुमार, विजय गौंड, शैलेश मौर्य, मिर्जा फैसल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
