कहते हैं प्यार की कोई उम्र नहीं होती, लेकिन आगरा में एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां 70 वर्षीय सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी पर 32 वर्षीय शादीशुदा महिला के साथ संबंध होने और अपनी पेंशन व पैतृक संपत्ति का पैसा उस पर खर्च करने का आरोप लगा है। मामला शाहगंज थाने तक पहुंच गया है। आरोपी की 62 वर्षीय पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

पत्नी का आरोप है कि पिछले करीब दो वर्षों से पति के व्यवहार में काफी बदलाव आया है। शिकायत के मुताबिक, एक 32 वर्षीय शादीशुदा महिला के फोन आने के बाद पति घर से बाहर चले जाते हैं और मोबाइल फोन को हमेशा अपने पास रखते हैं। पत्नी का दावा है कि पति अपनी पेंशन का अधिकांश हिस्सा कथित रुप से उक्त महिला और उसके पति पर खर्च कर रहे हैं। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि पति ने परिवार की पैतृक जमीन बेचकर मिले लाखों रुपये भी कथित तौर पर उसी महिला पर खर्च कर दिए। वहीं, पिछले कुछ महीनों से घर का खर्च देना बंद कर दिया, जिससे वह और उसके साथ रह रही तलाकशुदा बेटी आर्थिक परेशानी का सामना कर रही हैं।

पीड़िता के अनुसार, उसने पति को परिवार, बच्चों और नातियों का हवाला देकर कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। महिला ने तहरीर में आरोप लगाया कि 3 मई की रात जब उसने दूसरी महिला पर पैसे खर्च करने का विरोध किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की और घर में तोड़फोड़ की। उसका दावा है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हुई है और फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी, संबंधित 32 वर्षीय महिला और उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
