जनकपुरी थाना क्षेत्र में महिला जूनियर इंजीनियर से अभद्रता, छेड़छाड़ और कथित तौर पर जबरन शराब पिलाने का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
बताया गया कि घटना 15 सितंबर को देहरादून चौक स्थित संघ भवन में पीडब्ल्यूडी डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान हुई। जेई तनु राजपूत ने पुलिस को दी शिकायत में जेई अनुज भारद्वाज पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और गर्दन पकड़ने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शराब की बोतल महिला जेई के मुंह से लगाने और कथित तौर पर जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया। महिला जेई ने घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जाने की भी मांग की है।
शिकायत के आधार पर जनकपुरी थाने में दो जेई के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अब घटना के दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
