दशहरा और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की ओर से जोधपुर-मऊ-जोधपुर साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। खास बात यह है कि ट्रेन का शाहगंज में भी ठहराव होगा। इससे शाहगंज सहित आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी गोरखपुर सुमित कुमार के अनुसार ट्रेन संख्या 04823 जोधपुर-मऊ साप्ताहिक स्पेशल 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार शाम पांच बजे जोधपुर से रवाना होगी। ट्रेन पीपाड़ रोड, फुलेरा, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, मथुरा जंक्शन, कन्नौज, कानपुर सेंट्रल, अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम होते हुए शाहगंज रात 8:53 बजे पहुंचेगी। शाहगंज से रवाना होकर ट्रेन खोरासन रोड, आजमगढ़, मुहम्मादाबाद होते हुए मऊ रात 11:40 बजे पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04824 मऊ-जोधपुर साप्ताहिक त्योहार विशेष 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार सुबह चार बजे मऊ से रवाना होगी। यह ट्रेन मुहम्मादाबाद, आजमगढ़ और खोरासन रोड होते हुए शाहगंज सुबह 7:03 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अयोध्या धाम, कानपुर सेंट्रल, मथुरा जंक्शन, भरतपुर और जयपुर होते हुए अगले दिन सुबह 8:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी।त्योहारों के दौरान इस विशेष ट्रेन के संचालन और शाहगंज में ठहराव से जौनपुर जिले के अलावा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी लंबी दूरी की यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिल सकेगी।
