जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 कुंतल 200 ग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने गांजे की खेप के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार थानाध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने सुबह करीब 4:25 बजे धौहरा नदी पुल, जौनपुर-भदोही बॉर्डर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर रखा गया 1 कुंतल 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सिंह उर्फ छोटू, निवासी फिरोजपुर धर्मपुर, थाना पूराकलंदर जिला अयोध्या और विनीत सिंह निवासी नागनाथपुर हसरो, थाना कादीपुर कला, सुल्तानपुर के रुप में हुई।पुलिस ने गांजा के अलावा आरोपियों के कब्जे से 510 रुपये नकद और एक टेक्नो पोवा एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

बरामदगी के आधार पर रामपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें संबंधित न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई में थानाध्यक्ष रमेश कुमार के साथ पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस बरामद गांजे की खेप के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
