स्थानीय कस्बे के डोभी वार्ड में शनिवार शाम रेलवे ट्रैक के किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को रेलवे लाइन के किनारे जमा बरसात के पानी से बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान युवक की जेब से अहमदाबाद से वाराणसी का जनरल टिकट और आधार कार्ड बरामद हुआ।

आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान अनुपम दीक्षित (28) पुत्र अमरेश चंद्र दीक्षित, निवासी सरने, जनपद चंदौली के रुप में हुई। बताया जा रहा है कि युवक के पास मिले टिकट के आधार पर पुलिस को आशंका है कि वह अहमदाबाद से वाराणसी जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यात्रा कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि खेतासराय क्षेत्र में किसी वजह से ट्रेन से गिरने के बाद वह रेलवे ट्रैक के किनारे जमा बरसाती पानी में जा गिरा होगा।
शनिवार शाम स्थानीय लोगों ने जौनपुर-शाहगंज रेलखंड पर पोल संख्या 853/6 के पास रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देने के साथ ही मामले की जांच शुरु कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
