उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के आह्वान पर व्यापारियों की समस्याओं को लेकर प्रदेशभर में प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जौनपुर उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह को सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से 15 अक्टूबर से प्रस्तावित यूपीआई मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) को लेकर छोटे और फुटकर व्यापारियों की व्यावहारिक कठिनाइयों पर पुनर्विचार करने की मांग की गई।जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था का छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इससे डिजिटल भुगतान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। व्यापार मंडल ने केंद्र सरकार से प्रस्ताव पर पुनर्विचार करते हुए इसे वापस लेने की मांग की है। उनके अनुसार नई व्यवस्था लागू होने से वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ सकता है और लोग डिजिटल भुगतान से दूरी बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी सरकार की व्यवस्थाओं में सहयोग करता रहा है, लेकिन प्रस्तावित एमडीआर को लेकर व्यापारियों में चिंता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी ने कहा कि सरकार को छोटे, मध्यम और फुटकर व्यापारियों पर एमडीआर के संभावित प्रभाव का व्यापक अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने ऐसी व्यवस्था बनाए जाने की मांग की, जिससे डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलता रहे और छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े। प्रतिनिधिमंडल में जिला संरक्षक छब्बू लाल सोनकर, जिला उपाध्यक्ष रवि श्रीवास्तव, जिला महामंत्री रामकुमार साहू, मुन्नालाल अग्रहरि, मनोज कुमार साहू, विजय अग्रहरी, शिवम बरनवाल, आशीष गुप्ता, चंदन जायसवाल, हफीज शाह, गुलजारीलाल गुप्ता, शाहिद मंसूरी, राहुल साहू, अमर जौहरी, यशवंत साहू, संतोष कुमार सहित व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
