कौड़ियां, पक्का पोखरा स्थित बसंती देवी आईटीआई में मदरसन कंपनी की ओर से एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार के अवसर पाने के लिए जौनपुर, वाराणसी, अयोध्या, आजमगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर सहित छत्तीसगढ़ और बिहार प्रांत से भी अभ्यर्थी पहुंचे।

रोजगार मेले में करीब 110 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद 60 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित युवाओं की आयु 18 से 27 वर्ष के बीच है। कंपनी की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को 25 हजार रुपये तक प्रतिमाह वेतन दिए जाने की जानकारी दी गई। इस दौरान कंपनी के एचआर प्रतिनिधि विश्वनाथ ने अभ्यर्थियों को कंपनी की कार्यप्रणाली, कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं तथा रोजगार के साथ भविष्य में आगे बढ़ने की संभावनाओं के विषय में विस्तार से जानकारी दी।
संस्थान के निदेशक दिवाकर मिश्र ने दूर-दराज से रोजगार मेले में पहुंचे अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन विकास जायसवाल ने किया। मेले को सफल बनाने में ईश नारायण मिश्र, राजेश यादव, सुरेंद्र प्रजापति, कमलेश यादव, अजीम, रतन भंडारी, कन्हैया सहित अन्य सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
