शहर कोतवाली क्षेत्र के परमानतपुर निवासी गौरीशंकर गौड़ (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों व स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने युवक की मौत को महज हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया और शव सड़क पर रखकर करीब ढाई घंटे तक चक्का जाम कर दिया। सूचना पर पुलिस के अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया गया कि गौरीशंकर एक टाइल्स की दुकान पर काम करता था। परिजनों के अनुसार, काम के दौरान करंट लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरु कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और मामले की जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मामले में मार्बल-टाइल्स कारोबारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है।
वहीं, क्षेत्रीय विधायक रागिनी सोनकर भी मौके पर पहुंचीं और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
