नगर के नई आबादी मोहल्ला निवासी आफताब असलम शेख ने अपने चाचा समेत पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और सुरक्षा की मांग की है। प्रार्थना पत्र के मुताबिक पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद चल रहा है, इस संबंध में दीवानी न्यायालय में मुकदमा भी विचाराधीन है।
आफताब असलम का आरोप है कि उनके चाचा द्वारा आए दिन कोतवाली में उनके परिवार को परेशान करने के उद्देश्य से शिकायतें दी जाती हैं। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि 8 जुलाई को चाचा की ओर से थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद एक दरोगा उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने छत पर बने मुर्गी के दड़बे को जबरन तुड़वा दिया और सामान इधर-उधर फेंकवा दिया। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि उससे 10 हजार रुपये की मांग की गई और रकम न देने पर उसका शांतिभंग में चालान कर दिया गया। उसका दावा है कि उसने पुलिसकर्मी से काफी अनुरोध किया, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई।
प्रार्थना पत्र में परिवार के सदस्यों के साथ कथित अभद्रता और घर में घुसने के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना से संबंधित गतिविधियां घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद थीं, लेकिन घटना वाले दिन कैमरा भी तुड़वा दिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए घर को चाचा का बताया गया।आफताब असलम ने प्रार्थना पत्र में कहा है कि जिस संपत्ति को लेकर विवाद है, उसके संबंध में कथित वसीयतनामा वर्ष 2008 का है और उसे फर्जी बताते हुए दीवानी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है।शिकायतकर्ता ने स्वयं को गरीब और मजदूर बताते हुए पूरे मामले की मौके पर जांच कराने, दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
