क्षेत्र के गोरारी खलीलपुर गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां बीमार हालत में एक ऊंट को उसका मालिक पंचायत भवन परिसर में लावारिस छोड़कर फरार हो गया। कई दिनों से पंचायत भवन परिसर में पड़े ऊंट की हालत देखकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। सूचना मिलने पर पशुपालन विभाग ने चिकित्सक को मौके पर भेजकर ऊंट का उपचार कराया, लेकिन उसके स्थायी इंतजाम को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है।

ग्रामीणों के अनुसार करीब चार दिन पूर्व दो लोग एक ऊंट लेकर गांव में पहुंचे थे। बताया जाता है कि दोनों गांव में घूम-घूमकर भिक्षा मांगते थे और रात में पंचायत भवन परिसर में ठहरते थे। उनके साथ मौजूद ऊंट पहले से ही बीमार था। कुछ समय बाद उसकी हालत और बिगड़ गई। इसके बाद दोनों लोग ऊंट को पंचायत भवन परिसर में ही छोड़कर वहां से चले गए। सुबह ग्रामीणों ने पंचायत भवन परिसर में ऊंट को अकेले और बीमार हालत में देखा तो इसकी सूचना पशुपालन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही विभाग ने चिकित्सक को मौके पर भेजा। चिकित्सक ने ऊंट की जांच कर आवश्यक दवाएं दीं और उपचार किया। इसके बाद पशुपालन विभाग की ओर से मामले की जानकारी वन विभाग तथा खंड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह को भी दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि ऊंट के मालिक की काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मालिक के अचानक गायब हो जाने के बाद अब ऊंट की देखभाल को लेकर ग्रामीणों के सामने भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि बीमारी की हालत में बेजुबान पशु को लावारिस छोड़ देना गंभीर मामला है। उन्होंने संबंधित विभागों से मांग की है कि ऊंट को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही उसके इलाज और देखभाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
