क्षेत्र के पराकमाल गांव निवासी युवा कांग्रेसी नेता एवं अधिवक्ता हम्माम वहीद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग में मीडिया पैनलिस्ट की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व की ओर से मिली नई जिम्मेदारी की जानकारी के बाद स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर है।

मीडिया पैनलिस्ट के रुप में हम्माम वहीद विभिन्न मीडिया मंचों पर कांग्रेस पार्टी का पक्ष रखेंगे। साथ ही पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच रखने की जिम्मेदारी निभाएंगे। हम्माम वहीद लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति से जुड़े हुए हैं। अधिवक्ता होने के साथ ही वह पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रुप से भाग लेते रहे हैं। पार्टी के प्रति उनकी सक्रियता, राजनीतिक समझ और समसामयिक मुद्दों पर पकड़ को देखते हुए उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग में जिम्मेदारी दी गई है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर हम्माम वहीद ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। पार्टी की विचारधारा व जनसरोकार से जुड़े विषयों को आम लोगों तक पहुंचाने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए भी वह सक्रिय भूमिका निभाएंगे। श्री वहीद के मनोनयन पर पूर्व जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज, मो. वामिक रियाज, अबु हुजैफा खान, अम्मार वहीद, फरहान खान समेत स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
