बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता रेलवे क्रॉसिंग के समीप पानी भरे गहरे गड्ढे में सिपाही का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बांसडीह कोतवाली में तैनात 2020 बैच के सिपाही पारितोष मिश्र (25) के रुप में हुई। वह प्रयागराज जिले के होलागढ़ थाना क्षेत्र के निवासी थे।

जानकारी के अनुसार, पारितोष मिश्र रविवार देर शाम छाता गांव में अपने बैच के साथी सिपाहियों के साथ आयोजित पार्टी में शामिल होने गए थे। पार्टी समाप्त होने के बाद वह बाइक से वापस निकले। इसी दौरान छाता रेलवे क्रॉसिंग के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरी। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण वह बाइक समेत उसमें डूब गए।काफी देर तक पारितोष के वापस नहीं लौटने पर साथियों को चिंता हुई। उन्होंने मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद साथी पुलिसकर्मियों ने रातभर आसपास के इलाके में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार को पुलिसकर्मियों ने छाता रेलवे क्रॉसिंग के समीप पानी भरे गड्ढे में तलाश की तो पारितोष का शव और बाइक बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। उधर, साथी सिपाही की मौत की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
