जेसीआई शाहगंज संस्कार की ओर से आयोजित जेसी सप्ताह के चौथे दिन शनिवार को दो अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। इराकियाना स्थित ग्रैंड लॉन में शाम को बिजनेस एंड नेटवर्क ग्रोथ डे के तहत कार्यक्रम हुआ। इसमें संस्था के सदस्यों ने आपसी संवाद, व्यवसायिक संपर्क बढ़ाने और मजबूत नेटवर्क तैयार करने को लेकर विचार साझा किए।

वहीं, मॉडर्न जूनियर हाईस्कूल बड़ागांव में नेगोसिएशन ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। जोन ट्रेनर जेसी विनायक गुप्ता ने करीब 65 बच्चों को प्रभावी बातचीत और संवाद कौशल का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बच्चों को प्रभावी ढंग से अपनी बात रखने, सामने वाले की बात समझने, परिस्थितियों के अनुरूप बातचीत करने तथा बेहतर निर्णय लेने के बारे में जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। आयोजकों ने बताया कि जेसी सप्ताह के माध्यम से युवाओं और बच्चों में नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल एवं व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में अध्यक्ष रवि शंकर चतुर्वेदी, पूर्व अध्यक्ष अखलाक खान, मो. शाहिद नईम, बिजेंद्र अग्रहरि, सप्ताह चेयरमैन इकरार खान, मिन्हाज इराकी, राजकुमार अश्क, शाहिद, रिजवान, इमरान आदि मौजूद रहे।
