भाजपा के वरिष्ठ नेता, राजस्थान के पूर्व राज्यपाल एवं गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र के मलिकपुर निवासी कलराज मिश्र की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्रा (80) का रविवार को गौतमबुद्धनगर नोएडा स्थित मेट्रो हॉस्पिटल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही भाजपा परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने सत्यवती मिश्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे भाजपा परिवार की अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि उनका निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों और शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।ओमप्रकाश राय ने कहा कि सत्यवती मिश्रा का स्नेह, सरलता और पारिवारिक आत्मीयता सदैव स्मरणीय रहेगी। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ भाजपा परिवार ने भी एक आत्मीय अभिभावक जैसी उपस्थिति खो दी है।
सत्यवती मिश्रा के निधन पर प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, क्षेत्रीय मंत्री राजेश राजभर एवं डॉ. विजय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, बृजेन्द्र राय, सपना सिंह, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, प्रो. शोभनाथ यादव, विष्णु प्रताप सिंह, अवधेश राजभर, सुमित तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, सुरेश बिंद, संकठा प्रसाद मिश्र, रमेश सिंह पप्पू, अखिलेश सिंह, श्यामराज तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की।
