दोकटी थाना क्षेत्र के लालगंज पुलिस चौकी पर तैनात एक सिपाही पर कक्षा नौ की छात्रा से छेड़छाड़ करने और उसका मोबाइल नंबर मांगने का आरोप लगा है। छात्रा की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, छात्रा का आरोप है कि सिपाही पंकज गुप्ता पिछले कुछ दिनों से उसे परेशान कर रहा था। छात्रा जब ट्यूशन के लिए लालगंज बाजार से आती-जाती थी, तब आरोपी द्वारा कथित तौर पर उसका रास्ता रोककर मोबाइल नंबर मांगा जाता था और छेड़छाड़ की जाती थी। शुरुआत में छात्रा ने डर और सामाजिक संकोच के चलते इसकी जानकारी परिजनों को नहीं दी। बाद में छात्रा ने अपने परिवार को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजनों ने उसकी निगरानी शुरु कर दी। आरोप है कि छात्रा जब ट्यूशन से साइकिल से घर लौट रही थी, तभी लालगंज चट्टी के पास सिपाही ने कथित तौर पर उसकी साइकिल रोक दी और उसके साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।
लोगों को अपनी ओर आता देख आरोपी सिपाही कथित तौर पर अपनी बाइक मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेने की बात कही है। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार गुप्त सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।क्षेत्राधिकारी के अनुसार, छात्रा की तहरीर के आधार पर आरोपी सिपाही के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी बताई जा रही है।
