स्थानीय विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय मंगारी के कक्षा 8 के छात्र अनंत कुमार ने अपनी प्रेरणादायी कहानी “नाम से नहीं, काम से पहचान” के माध्यम से पिंडरा ब्लॉक ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद वाराणसी का नाम रोशन किया है। उनकी कहानी को यूनिसेफ की पत्रिका ‘मेरे बदलाव की कहानी’ में स्थान मिला है। प्रदेश स्तर पर उनकी कहानी को 18वां स्थान प्राप्त हुआ है।

अनंत की इस उपलब्धि को शिक्षा जगत में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शिक्षकों ने कहा कि अनंत की कहानी अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने कार्यों के माध्यम से पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य उमेश कुमार शुक्ला, एडी बेसिक हेमंत राव, बीएसए भूपेंद्र सिंह तथा खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश यादव ने छात्र अनंत कुमार को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शनिवार को प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों ने अनंत कुमार को सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उसकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के बल पर विद्यार्थी किसी भी क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अजय राय, अवनीश कुमार, राजेश मौर्य, प्रियम्बदा मिश्रा, कृपाशंकर पटेल, बिंदुलता सहित अनेक शिक्षक मौजूद रहे।
