लालगंज तहसील क्षेत्र से सरकारी सहायता दिलाने के नाम पर एक गरीब परिवार से कथित तौर पर रिश्वत मांगने और रुपये देने में असमर्थता जताने पर बेटी को भेजने की आपत्तिजनक मांग किए जाने का मामला सामने आया है। मामले में क्षेत्रीय लेखपाल पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायत सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू होने की बात कही जा रही है।
मामला सरेनी क्षेत्र के मलके गांव से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित महिला के अनुसार, उसका कच्चा मकान गिर गया था। सरकारी सहायता दिलाने के लिए राजस्व विभाग की रिपोर्ट की आवश्यकता थी। महिला का आरोप है कि उसने क्षेत्रीय लेखपाल दिनेश कुमार सविता से संपर्क किया, जहां रिपोर्ट लगाने के एवज में कथित तौर पर रुपये की मांग की गई। महिला का कहना है कि आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह रुपये देने में असमर्थ थी। आरोप है कि इसके बाद लेखपाल ने कथित तौर पर उसकी बेटी को अपने पास भेजने की आपत्तिजनक बात कही। आरोप सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रुप ले लिया।
पीड़ित परिवार द्वारा उच्चाधिकारियों के समक्ष शिकायत किए जाने का दावा किया गया है। इसी दौरान एसडीएम के समक्ष शिकायत करने पर कथित प्रतिक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई। कांग्रेस की ओर से पीड़ित परिवार से संबंधित वीडियो एक्स पर साझा किए जाने और सरकार से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामला तूल पकड़ने के बाद लालगंज क्षेत्राधिकारी सुजीत राय को जांच सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों के निर्देश पर पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजे जाने की बात कही गई है।
