हुनर से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं महिलाएं और छात्राएं, 45 दिवसीय निःशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण शिविर संपन्न

अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की पहल से 30 प्रशिक्षणार्थियों को मिला प्रशिक्षण, प्रमाण पत्र और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मोमेंटो

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : September 10, 2026 5:28 am
हुनर से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं महिलाएं और छात्राएं, 45 दिवसीय निःशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण शिविर संपन्न
Total Views : 100
Total Views : 100

महिलाओं और छात्राओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से आयोजित 45 दिवसीय निःशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। शहर स्थित टीप टॉप ब्यूटी पार्लर, टीडी कॉलेज दक्षिणी गेट पर आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में कुल 30 छात्राओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया।

समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि बयालसी महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अलकेश्वरी सिंह एवं विशिष्ट अतिथि तिलकधारी सिंह महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. माया सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि डॉ. अलकेश्वरी सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि सीखने की ललक और प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय भागीदारी से छात्राओं के भीतर छिपी प्रतिभा सामने आई है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इस तरह के प्रशिक्षण शिविर बेहद महत्वपूर्ण हैं। अतुल्य वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा महिलाओं और छात्राओं को प्राथमिकता के साथ प्रशिक्षित करने की पहल सराहनीय है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. माया सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हुनर केवल हाथों को दक्ष नहीं बनाता, बल्कि व्यक्ति को अपने पैरों पर खड़े होने का साहस भी देता है। उन्होंने कहा प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली बच्चियां भविष्य में किसी पर आश्रित रहने के बजाय अपने हुनर के दम पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने ट्रस्ट द्वारा लगातार विभिन्न स्थानों पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की भी सराहना की। प्रशिक्षक सीमा गुप्ता ने 45 दिन तक प्रशिक्षणार्थियों को सौंदर्य कला से संबंधित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को सौंदर्य कला के साथ-साथ आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ाने के गुर भी सिखाए गए। कार्यशाला में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वैक्सिंग में सुशीला यादव, हेयर स्टाइल में जानकी और मेकअप में कोमल अग्रहरि को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में क्षमा सिंह, रेखा सिंह और उर्वशी सिंह ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मोमेंटो प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन क्षमा सिंह ने किया, जबकि ट्रस्ट परिवार की सदस्य रेखा सिंह ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षणार्थियों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

0

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed