जांच में मौके पर 710 मीटर कार्य हुआ मिला, श्रमिकों की उपस्थिति व भुगतान को बताया नियमसंगत
शाहगंज, जौनपुर।
अखलाक खान
समाचार एक्सप्रेस
मड़वा मोहिद्दीनपुर ग्राम पंचायत में सड़क कार्य को लेकर कथित खबर के बाद विकास विभाग की ओर से स्थलीय जांच की गई। जांच के बाद तैयार रिपोर्ट खंड विकास अधिकारी नीरज जायसवाल को सौंप दी गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को विभागीय अधिकारियों की टीम ग्राम पंचायत मड़वा मोहिद्दीनपुर पहुंची और संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर ग्राम पंचायत के ग्राम रोजगार सेवक धर्मेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान अनीस शाह सहित ग्रामीण मौजूद रहे।जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि अभिलेखीय सत्यापन में संबंधित कार्य की स्वीकृत लंबाई करीब 1500 मीटर पाई गई, जबकि स्थलीय निरीक्षण में लगभग 710 मीटर कार्य पूर्ण होना पाया गया। तकनीकी आगणन के अनुसार कार्य पर लगभग 4.35 लाख रुपये तक व्यय किया जा सकता है। इसके सापेक्ष ग्राम पंचायत की ओर से अब तक 1339 मानव दिवस का सृजन किया गया, जिसकी राशि करीब 4,01,700 रुपये बताई गई है।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत की ओर से श्रमिकों की जो उपस्थिति दर्ज की गई है, उसके भुगतान को नियमसंगत बताया गया है।वहीं जांच रिपोर्ट के अंतिम हिस्से में कहा गया है कि जिस स्थान को कार्यस्थल दर्शाया गया था, मौके पर वह स्थल सही नहीं पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार संबंधित खबर में गलत स्थल की तस्वीर व स्थान प्रकाशित होने की बात सामने आई। अब यह जांच रिपोर्ट खंड विकास अधिकारी नीरज जायसवाल के समक्ष प्रस्तुत कर दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर निगाह बनी हुई है।
