वाराणसी स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के दौरान विकास खंड शाहगंज-सोंधी कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। यहां स्नातक निर्वाचन में 1585 और शिक्षक निर्वाचन में 272 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1857 मत पड़े।

मतदान के दौरान भाजपा नेताओं ने बूथ पर सक्रियता बनाए रखी। राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव और शाहगंज विधायक रमेश सिंह भाजपा के बूथ पर मौजूद रहकर चुनावी गतिविधियों पर नजर रखते रहे। वहीं, ब्लॉक प्रमुख शाहगंज-सोंधी और पूर्व ऊर्जा मंत्री शैलेंद्र यादव उर्फ ललई ने भी मतदान किया।मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। प्रशासन की निगरानी में मतदान प्रक्रिया संचालित हुई। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची खेतासराय पुलिस ने जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 3564 मतदाताओं में से 1585 ने मतदान किया, जबकि शिक्षक निर्वाचन में कुल 388 मतदाताओं में से 272 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार स्नातक निर्वाचन में लगभग 44.47 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन में करीब 70.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के दौरान राजनीतिक दलों की सक्रियता के बीच सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण मतदान पर प्रशासन का विशेष ध्यान रहा।
