फूलपुर थाना क्षेत्र के बहुतरा पुल के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से टेम्पो लोडर सवार 37 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेम्पो चालक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के मछलीशहर कस्बे के मोहल्ला कोतवाली निवासी वारिस अली (37) पुत्र ताहिर सीएनजी टेम्पो लोडर से बनारस से अपने घर लौट रहे थे। रविवार शाम करीब सात बजे उनका टेम्पो लोडर फूलपुर थाना क्षेत्र के बहुतरा पुल के पास पहुंचा था। इसी दौरान सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई टक्कर में टेम्पो सवार वारिस अली को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेम्पो चालक साजू घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के भाई आबिद अली ने सोमवार को फूलपुर थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। हादसे में युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
