मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार दर्शनार्थियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रुप से घायल हो गए। कश्मीर से सेब लादकर झारखंड जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी किशन यादव अपने साथियों के साथ स्कॉर्पियो संख्या यूपी 65 ईबी 2199 से विंध्याचल दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद सभी वाराणसी लौट रहे थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे जब उनकी गाड़ी मिर्जामुराद क्षेत्र के रूपापुर ओवरब्रिज पर पहुंची, तो कुछ युवक वहां गाड़ी रोककर सेल्फी लेने लगे।इसी दौरान प्रयागराज की ओर से आ रहे सेब लदे ट्रक संख्या जेके 09 ए 7761 ने स्कॉर्पियो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस भिड़ंत में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए।

हादसे में आनंद यादव (25) पुत्र बनवारी निवासी चमाव अहिरान शिवपुर, आलोक मिश्रा (30) निवासी पिसौर, शिवपुर, प्रदीप सिंह (36) पुत्र योगेंद्र सिंह निवासी एकला चोलापुर और विद्वान्शू यादव (30) पुत्र स्वर्गीय नवल किशोर यादव, निवासी वीडीए कॉलोनी शिवपुर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, किशन यादव (35), सावन यादव (26), राजकुमार यादव (35) और निखिल उर्फ गोलू (32) गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया। हादसे के कई घंटे बाद मृतकों और घायलों की पहचान हो सकी। पुलिस ने सेब लदे ट्रक को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि परिचालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी नीतू काद्यान, एडीसीपी नृपेंद्र, एसीपी राजातालाब वीर सिंह और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। दर्शन कर घर लौटने की उम्मीद लेकर निकले युवकों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
