वाराणसी से शाहगंज होते हुए अयोध्या धाम तक मेमू ट्रेन का तोहफा, श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान

18 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी विशेष ट्रेन, शाहगंज समेत कई स्टेशनों पर होगा ठहराव, सभी 12 कोच होंगे अनारक्षित

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : October 17, 2026 11:45 pm
वाराणसी से शाहगंज होते हुए अयोध्या धाम तक मेमू ट्रेन का तोहफा, श्रद्धालुओं का सफर होगा आसान
Total Views : 500
Total Views : 480

त्योहारी सीजन में वाराणसी, जौनपुर और अयोध्या के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। वाराणसी से शाहगंज होते हुए अयोध्या धाम तक आने-जाने के लिए रेलवे ने मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने की मंजूरी दी है। इस ट्रेन के संचालन से बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी और रामनगरी अयोध्या के बीच सफर करने वाले यात्रियों को कम खर्च में यात्रा का विकल्प मिलेगा। खासकर शाहगंज, खेतासराय, जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 04201 वाराणसी-अयोध्या धाम मेमू स्पेशल तथा 04202 अयोध्या धाम-वाराणसी मेमू स्पेशल के रुप में संचालित होगी। विशेष ट्रेन में 12 कोच होंगे और सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे। निर्धारित समय-सारिणी के मुताबिक, वाराणसी जंक्शन से मेमू स्पेशल शाम 4:20 बजे रवाना होकर रात 9:40 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। वापसी में अयोध्या धाम से रात 10:20 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह करीब 4 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचने का समय निर्धारित बताया गया है। विशेष ट्रेन का संचालन 18 अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन किए जाने की जानकारी दी गई है।

वाराणसी से अयोध्या धाम के बीच चलने वाली इस ट्रेन का ठहराव शिवपुर, बीरापट्टी, बाबतपुर, पिंडरा रोड हाल्ट, खालिसपुर, त्रिलोचन महादेव, जलालगंज, सिरकोनी, जफराबाद जंक्शन, जौनपुर जंक्शन, महगांवा, मिहरावां, मनिकाला हाल्ट, खेतासराय, शाहगंज जंक्शन, बिलवाई, तुलसीनगर, मालीपुर, जफरगंज, अकबरपुर, कटहरी, गोसाईंगंज, उलनाभारी, बिलहर घाट और दर्शननगर सहित विभिन्न स्टेशनों पर प्रस्तावित है। इससे रास्ते में पड़ने वाले छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों के यात्रियों को भी वाराणसी और अयोध्या धाम तक पहुंचने में सुविधा मिल सकती है। त्योहारी दिनों में अयोध्या धाम में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं वाराणसी भी धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में दोनों धार्मिक नगरों के बीच मेमू ट्रेन का संचालन यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। अनारक्षित कोच होने से सामान्य यात्रियों को भी यात्रा का विकल्प मिलेगा।

वाराणसी जंक्शन के स्टेशन डायरेक्टर अर्पित गुप्ता के अनुसार, वाराणसी-अयोध्या धाम मेमू स्पेशल ट्रेन चलाने की अनुमति मिल गई है और 18 अक्टूबर को ट्रेन अयोध्या धाम के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि इस सेवा से लोग कम खर्च में वाराणसी और अयोध्या के बीच सफर कर सकेंगे।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed