मछलीशहर-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बंधवा-कुंवरपुर मोड़ के पास शनिवार देर शाम स्कार्पियो और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद स्कार्पियो पर खून के छींटे फैल गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार ने हेलमेट पहनने के बजाय उसे बाइक के हैंडल में टांग रखा था। स्कार्पियो से हुई जोरदार भिड़ंत में उसे गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उसकी जान चली गई। हादसे का मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर जुटे लोगों के बीच हेलमेट को लेकर भी चर्चा होती रही। लोगों का कहना था कि यदि बाइक सवार ने हेलमेट सिर पर पहन रखा होता, तो सिर में गंभीर चोट से बचाव की संभावना हो सकती थी।
