एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत, पति-पत्नी समेत तीन बच्चों के मिले शव, घटना से मचा हड़कंप

रात में नूडल्स खाने की बात आई सामने, फूड पॉइजनिंग की आशंका समेत सभी पहलुओं पर पुलिस कर रही है जांच

Akhlaque Khan
Akhlaque Khan Published on : October 17, 2026 5:15 am
एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत, पति-पत्नी समेत तीन बच्चों के मिले शव, घटना से मचा हड़कंप
Total Views : 280
Total Views : 280

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में शनिवार सुबह एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चों के शव घर के अंदर बिस्तर पर मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी है।

मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिष्टी (7) और छोटे बेटे साक्षात (3) के रुप में हुई। बताया गया कि शनिवार सुबह काफी देर तक परिवार के सदस्य नहीं जागे तो पड़ोसियों को संदेह हुआ। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर पांचों बिस्तर पर अचेत अवस्था में दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, परिवार ने शुक्रवार रात नूडल्स खाए थे। इसी आधार पर शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई है। हालांकि, केवल नूडल्स खाने की जानकारी से मौत का कारण तय नहीं किया जा सकता। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही सामने आएगी।

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी, फोरेंसिक टीम और खाद्य सुरक्षा विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरु की और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। तीन बच्चों समेत पूरे परिवार की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम तथा अन्य वैज्ञानिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Share
LATEST post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed