मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत फूलपुर व सिंधोरा पुलिस ने पारिवारिक विवादों में आपसी सुलह के बाद खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहे दंपतियों को सम्मानित किया। पुलिस की काउंसलिंग और आपसी बातचीत की पहल से पति-पत्नी के बीच मतभेद दूर कराकर समझौता कराया गया था। इसके बाद फीडबैक लेने पर उनके संबंध सामान्य होने की जानकारी मिली।

सिंधोरा मिशन शक्ति केंद्र पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों में करीब 35 प्रतिशत मामले पति-पत्नी के बीच विवाद से संबंधित थे। ऐसे मामलों में पुलिस ने दोनों पक्षों की समस्याएं सुनीं और आपसी बातचीत व काउंसलिंग के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया। वहीं, फूलपुर पुलिस ने भी पारिवारिक विवादों में संबंधित पक्षों की बात सुनकर आपसी सहमति से सुलह कराई। समझौते के बाद पुलिस टीम ने दंपतियों से फीडबैक लिया। इसमें उनके संबंध सामान्य होने और पारिवारिक जीवन बेहतर ढंग से आगे बढ़ने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने ऐसे दंपतियों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की।

सम्मानित किए गए दंपतियों को भविष्य में भी एक-दूसरे के प्रति प्रेम, विश्वास, सहयोग और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक विवादों को संवाद और आपसी सहमति के माध्यम से सुलझाकर परिवारों में सामंजस्य कायम रखना है।इस दौरान सिंधोरा के थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय, महिला उपनिरीक्षक दीप्ति शर्मा, महिला कांस्टेबल पूनम यादव और संध्या पांडेय सहित मिशन शक्ति टीम मौजूद रही। वहीं, फूलपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अनुराधा मौर्या तथा मिशन शक्ति टीम के सदस्यों ने सहभागिता की।
