बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार नाथ गुप्ता ने मंगलवार को करखियाव स्थित एग्रो पार्क औद्योगिक परिसर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने औद्योगिक इकाइयों का अवलोकन किया और वहां मौजूद उद्यमियों से मुलाकात कर औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

मंत्री के एग्रो पार्क परिसर में सुबह करीब 11 बजे पहुंचने पर एग्रो पार्क एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज मद्धेशिया ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया। भ्रमण के दौरान मंत्री ने पशु आहार फैक्ट्री और काइयो वाटर प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली को समझने के साथ ही उद्यमियों से संवाद भी किया। इस दौरान केदार नाथ गुप्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से उद्यमियों को दी जा रही सुविधाओं और सब्सिडी के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा उद्योगों के संचालन से जुड़े पहलुओं को भी जाना।

मंत्री लगभग एक घंटे तक एग्रो पार्क परिसर में रहे। इस अवसर पर प्लांट के चेयरमैन आदित्य गुप्ता ने अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। भ्रमण के दौरान एग्रो पार्क एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।
